महापौर के भतीजे की अभद्रता के विरोध में निगम कर्मचारियों की हड़ताल, अपर नगर आयुक्त के साथ वार्ता विफल

0

आगरा लाईव न्यूज। नगर निगम कर्मशाला यातायात नगर के कर्मचारियों द्वारा महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के भतीजे हर्ष दिवाकर द्वारा निगम के सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के साथ की गई अभद्रता और मारपीट के विरोध में किया जा रहा आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार सुबह कर्मचारियों ने कूड़ा गाड़ियां नहीं निकाली और एकजुट होकर हड़ताल पर चले गए, जिससे नगर निगम के कामकाज पर प्रभाव पड़ा। कई घंटे बाद अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने कर्मचारियों की कूड़ागाड़ियां निकलवाकर उन्हें अपने कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। इस बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अपील के तहत दोनों पक्षों की वार्ता से सहमत हैं, लेकिन यह बीच का रास्ता सम्मानपूर्वक होना चाहिए। वार्ता में काफी चर्चा के बावजूद कोई सकारात्मक हल नहीं निकल सका और बैठक विफल रही।वार्ता विफल होने के बाद नगर निगम समन्वय समिति ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया कि 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे मंडलायुक्त कार्यालय जाकर नगर निगम आगरा के कर्मचारियों के पक्ष में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए गुहार लगाई जाएगी।

वार्ता में कर्मचारियों की ओर से विनोद इलाहाबादी, चौ. महेन्द्र सिंह फौजदार, लोकेश परिहार, रेशम सिंह चाहर, श्याम कुमार करुणेश, सुन्दर बाबू चंचल, सतीश शर्मा, मोहन गुलज़ार, सन्तोष डागौर, सुनील पाथौर और वरुण देशभक्त सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद थे। नगर निगम कर्मियों की इस हड़ताल और अपर नगर आयुक्त के साथ विफल वार्ता के चलते शहर में कूड़ा प्रबंधन पर संकट गहराने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here