यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 : डीएम ने परीक्षा केंद्रों की सूची सार्वजनिक कर 11 दिसंबर तक कराए आपत्ति दर्ज

0

आगरा लाईव न्यूज। जिले में आगामी यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में पारदर्शिता, शुचिता और विद्यार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने परीक्षा केंद्रों की सूची सार्वजनिक करने और आमजन, अभिभावक, छात्रों तथा शिक्षण संस्थानों को अपनी आपत्ति दर्ज कराने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों की सूची कार्यालय जिलाधिकारी आगरा, सीडीओ कार्यालय, संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मंडल कार्यालय, डीआईओएस कार्यालय और बीएसए कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। जिलाधिकारी ने अभिभावकों, छात्रों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी परीक्षा केंद्र की स्थिति, दूरी, सुविधाओं या अन्य किसी कारण से कोई समस्या हो, तो वे अपनी आपत्ति 11 दिसंबर 2025 तक दर्ज कराएं। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार, ऑनलाइन पोर्टल पर अब तक 397 प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें नए केंद्रों के लिए 35 आवेदन, धारण क्षमता से संबंधित 34 आवेदन, दूरी अधिक होने पर 315 आवेदन, केंद्र निरस्त कराने हेतु 12 आवेदन और प्रस्तावित केंद्र के विरुद्ध एक शिकायत शामिल है।

जिला प्रशासन ने बताया कि वर्ष 2026 की परीक्षा के लिए जिले में कुल 160 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 15 राजकीय, 81 सहायता प्राप्त और 64 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। ये केंद्र विद्यालयों द्वारा दी गई आधारभूत सुविधाओं और सूचनाओं के आधार पर चयनित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि केवल 11 दिसंबर तक प्राप्त आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा और इसके बाद किसी भी नई आपत्ति या शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। यह पहल अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले वर्षों में परीक्षा केंद्रों की दूरी और सुविधाओं को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती रही हैं। जिले में इस कदम को पारदर्शिता और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here