आगरा लाईव न्यूज। थाना शमसाबाद क्षेत्र में 24 घंटे से लापता 7 साल की बच्ची का शव बुधवार शाम गांव के तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की तलाश में जुटी पुलिस ने ड्रोन और पीएसी की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन अंततः बच्ची की लाश मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्ची की पहचान 7 वर्षीय अनु पुत्री सत्य प्रकाश के रूप में हुई है, जो थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ीथाना की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक अनु मानसिक रूप से कमजोर थी और मंगलवार को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पहले अपने स्तर से तलाश की, लेकिन रात तक कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और ड्रोन की मदद से गांव के आसपास के खेतों, झाड़ियों और तालाब के किनारों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह से एक बार फिर सर्च ऑपरेशन तेज किया गया। तालाब में पीएसी के जवानों को उतारा गया और शाम के समय तालाब से बच्ची का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

