आगरा लाईव न्यूज। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन की ओर से द्वितीय व्यापारी–अधिकारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन ताजगंज स्थित चौक कागजीयान पर किया गया। कार्यक्रम में ताजगंज 500 मीटर क्षेत्र से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को लेकर व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच खुलकर संवाद हुआ। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से लंबित कार्यों पर गंभीर मंथन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, जेडएसओ महेंद्र सिंह, पुलिस क्राइम इंस्पेक्टर एवं उपनिरीक्षक अमित थामा, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष वीएस गुप्ता, आगरा महानगर अध्यक्ष राहुल वर्मा, प्रवक्ता अमित गुप्ता एवं ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।
अपर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ताजगंज क्षेत्र का समग्र विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से ही क्षेत्र को आदर्श बनाया जा सकता है। अपर आयुक्त ने संगठन से क्षेत्र से जुड़ी सभी लंबित और अधूरी समस्याओं की एक विस्तृत सूची तैयार कर नगर निगम को सौंपने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मंच से ही घोषणा की कि शनिवार को वे स्वयं व्यापारियों के साथ चिन्हित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे।
कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक चेतन अरोरा ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रभावशाली ढंग से रखा। उन्होंने जर्जर नगर निगम डिस्पेंसरी, टूटे हुए नगर निगम स्कूल भवन, मकान और दुकानों की मरम्मत में एएसआई की दखलअंदाजी, 500 मीटर क्षेत्र के अंतर्गत वाहनों के नए स्वरूप में परिवर्तन में आ रही दिक्कतें, खराब स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सीवर व्यवस्था, खुले और टूटे मैनहोल, झुके हुए बिजली के खंभों जैसी समस्याओं को गिनाते हुए गहरी चिंता जताई और इनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संवाद कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन ठोस और व्यवहारिक कदम उठाए तो ताजगंज 500 मीटर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। व्यापारियों का कहना था कि ताजमहल आने वाले पर्यटकों की पहली छवि इसी क्षेत्र से बनती है, ऐसे में यहां की अव्यवस्थाएं न सिर्फ व्यापार को प्रभावित करती हैं, बल्कि शहर की छवि पर भी असर डालती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास ताजमहल के साथ-साथ आगरा शहर की पहचान को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम को व्यापारियों और प्रशासन के बीच संवाद का सेतु बताते हुए इसे ताजगंज क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करार दिया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन के संस्थापक रविंद्र वर्मा ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्रजमोहन अरोरा, गोविन्द वर्मा, राजकुमार प्रजापति, नरेश सहगल, शिवम शर्मा, मयंक अग्रवाल, शिवनाथ जादौन, पवन शिवहरे, अरविंद गोयल, सुमाइल खान, जुनैद सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

