आगरा लाईव न्यूज। महिला संबंधी अपराध के विरुद्ध थाना कमलानगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए शारीरिक व मानसिक शोषण तथा धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानूनी धाराओं में संशोधन करते हुए विवेचना को आगे बढ़ाया है। पीड़िता ने थाना कमलानगर में दी गई तहरीर में बताया कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात मॉडलिंग शो के माध्यम से कर्मवीर सिंह निवासी जनपद मांसा, पंजाब से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 21 नवंबर 2019 को दोनों ने एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद आरोपी उसे अपने पैतृक घर नहीं ले गया और दिल्ली में साथ रहने लगा। कुछ समय बाद दोनों आगरा आ गए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी कर्मवीर ने बहला-फुसलाकर उससे 2 लाख 50 हजार रुपये नकद और 10 तोला सोना ले लिया, जो उसकी मां का था। आरोप है कि आरोपी ने सभी गहनों को बेच दिया और पूरी रकम भी खर्च कर दी। इसके बाद वह परीक्षा देने का बहाना बनाकर पंजाब चला गया और आगरा वापस आने पर टालमटोल करने लगा, जिससे पीड़िता को आगरा में अकेला छोड़ दिया गया। पीड़िता ने 23 मई 2025 को न्याय की गुहार लगाने के लिए आगरा से पंजाब जाकर वाद दायर कराया। उस दौरान थाना प्रभारी द्वारा आरोपी को समझा-बुझाकर पीड़िता को अपने घर ले जाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद आरोपी पीड़िता को अपने पंजाब स्थित घर ले गया, जहां कुछ समय बाद उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने अपने साथ शारीरिक शोषण किए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमलानगर पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 19 दिसंबर 2025 को आरोपी कर्मवीर को थाना कमलानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कर्मवीर पुत्र बलबीर निवासी बुढलाडा, थाना सिटी बुढलाडा, जनपद मांसा (पंजाब) के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व थाना कमलानगर के थानाध्यक्ष योगेश कुमार द्वारा किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों के खिलाफ कमिश्नरेट आगरा में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

