आगरा लाईव न्यूज। भारत रत्न और किसानों के मसीहा रहे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को वटेश्वर धाम प्रांगण, बाह में किसान सम्मान दिवस एवं किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा मंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मेले में विभिन्न विभागों और कंपनियों की ओर से लगाए गए कृषक उपयोगी स्टॉलों के निरीक्षण से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उप कृषि निदेशक ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए चौधरी चरण सिंह के जीवन और किसानों के हित में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। संयुक्त कृषि निदेशक ने किसानों को विभागीय योजनाओं के साथ-साथ फार्मर रजिस्ट्री के बारे में भी जानकारी दी।
किसान मेले को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि किसानों को मृदा परीक्षण कराकर खेती करनी चाहिए और सहफसली खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ानी चाहिए। उन्होंने बाजार की मांग के अनुरूप फसलों का चयन करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को बेहतर दाम मिल सकें।आगरा मंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें किसानों का सच्चा मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में किसानों के अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष किया। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित किसान हितैषी और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने किसानों से उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और नियमित मृदा परीक्षण कराने की अपील की। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने रासायनिक खाद और कीटनाशकों के कम उपयोग पर जोर देते हुए पशुपालन के माध्यम से गोबर खाद का प्रयोग कर खेती को मजबूत बनाने की बात कही। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार करने वाले 38 किसानों को आयुक्त और जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रगतिशील किसानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेले में जनपद के दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों व योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
किसान मेले में संयुक्त कृषि निदेशक आगरा मंडल, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, भूमि संरक्षण, उद्यान और मत्स्य विभाग के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के वैज्ञानिक, किसान संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

