कुशवाह युवा मंच ने मनाई शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती, सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती पर शिक्षा और सामाजिक न्याय का संदेश
आगरा लाईव न्यूज। कुशवाह युवा मंच, आगरा के तत्वावधान में शुक्रवार को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका एवं शिक्षा की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन तोता का ताल, मड़िया कटरा में किया गया, जिसकी अगुवाई कुशवाह युवा मंच के अध्यक्ष विपिन कुशवाह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक कुरीतियों के बीच शिक्षा की अलख जगाकर देश को नई दिशा दी।

इस अवसर पर कुशवाह युवा मंच ने केंद्र सरकार से माता सावित्रीबाई फुले और महात्मा ज्योतिराव फुले को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की। साथ ही कक्षा एक से बारह तक की पाठ्य पुस्तकों के प्रथम पृष्ठ पर फुले दंपत्ति का चित्र प्रकाशित किए जाने का आग्रह भी किया गया, ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों और योगदान से परिचित हो सके। कार्यक्रम में कुशवाह युवा मंच के निवर्तमान अध्यक्ष मनीष कुशवाह, पूर्व अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाह, महासचिव मुकेश कुशवाह, संगठन मंत्री अमित कुशवाह, कोषाध्यक्ष राहुल कुशवाह, सह-कोषाध्यक्ष निशांत कुशवाह, शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. राकेश कुशवाह के साथ विष्णु कुशवाह, सौरभ कुशवाह, सुरेन्द्र कुशवाह, नितिन कुशवाह, प्रेम कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह और क्षेत्रीय पार्षद विक्रांत कुशवाह की भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के आदर्शों को अपनाने और समाज में शिक्षा, जागरूकता तथा सामाजिक न्याय को मजबूत करने का आह्वान किया।

