आगरा लाईव न्यूज। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से ढकी रात में भी पुलिस की मुस्तैदी कमजोर नहीं पड़ी। जब सर्द हवा बदन को सुन्न कर रही थी और दृश्यता कुछ कदमों तक सिमट गई थी, उसी दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। ठिठुरती रात में सड़कों पर सन्नाटा था, लेकिन पुलिस की सतर्क निगाहें हर हलचल पर टिकी हुई थीं। कोहरे की चादर ओढ़े इलाके में यह कार्रवाई रुनकता चौकी स्तर पर की गई, जहां चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा अपनी टीम के साथ पूरी मुस्तैदी से तैनात रहे। ठंड की परवाह किए बिना पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान रणनीतिक घेराबंदी की और सटीक सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। पूरी टीम ने अनुशासन और साहस का परिचय देते हुए यह संदेश दिया कि मौसम चाहे कितना भी कठिन क्यों न हो, कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
आपको बता दें थाना सिकंदरा क्षेत्र में तांबे की फैक्ट्री में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जूझती रात में खुलासा कर दिया। 04 जनवरी 2026 को हुई चोरी की घटना में शामिल चार अभियुक्तों को पुलिस ने 05/06 जनवरी की रात मुखबिर की सूचना पर ग्राम अटूस के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घने कोहरे और सर्द हवाओं के बीच हुई इस कार्रवाई में पुलिस की सतर्कता और साहस साफ दिखाई दिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त दीपक उर्फ दीपू झारखंडी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अन्य तीन अभियुक्तों को मौके से दबोच लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा तथा फैक्ट्री से चोरी किया गया लगभग 90 किलोग्राम तांबा बरामद किया गया है।

इस सफल कार्रवाई के संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि सर्दी और कोहरे जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी से काम करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और मजबूत की जाएगी।

पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में थाना प्रभारी सिकंदरा प्रदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। ठिठुरती रात में डिविजन स्तर पर चली इस कार्रवाई में चौकी इंचार्ज अभिषेक यादव अपनी टीम के साथ लगातार गश्त और चेकिंग में जुटे रहे। ऑपरेशन में रुनकता चौकी प्रभारी नीलेश शर्मा, डिवीजन चौक इंचार्ज अभिषेक यादव उ0नि0 अंकित तोमर सहित थाना सिकंदरा की पूरी पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस टीम की एकजुटता और सतर्कता के चलते न केवल चोरी का माल बरामद हुआ, बल्कि संगठित रूप से वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर भी प्रभावी शिकंजा कसा गया। फिलहाल पुलिस घायल अभियुक्त का इलाज कराने के साथ अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

