आगरा लाईव न्यूज। थाना ताजगंज क्षेत्र में बाड़े से भैंस चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी लोडर, एक स्कूटी तथा 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि चोरी में शामिल दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। नगला महादेव, थाना ताजगंज निवासी ने पुलिस को बताया कि उसके घर के बाहर बने बाड़े में आठ भैंसें बंधी थीं। 25/26 दिसंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों ने बाड़े से दो भैंसें चोरी कर लीं। सुबह होने पर जब उसने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो अज्ञात व्यक्ति भैंसों को ले जाते हुए दिखाई दिए।
घटना के खुलासे और चोरी गई भैंसों की बरामदगी के लिए थानाध्यक्ष ताजगंज के निर्देशन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अभियुक्तों की पहचान की। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खैराती टोला के पास से भैंस चोरी की घटना में संलिप्त तीन अभियुक्तों सोनू उर्फ लल्लू, शाहरुख उर्फ पांचू और रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, एक छोटा हाथी लोडर, एक स्कूटी तथा 1,300 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग श्यामलाल मार्ग, ताजगंज क्षेत्र में अक्सर आते-जाते रहते थे और उन्हें पता था कि जिस बाड़े से भैंस चोरी की गई, वहां गेट नहीं लगा है। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने 25 दिसंबर 2025 की रात दो भैंसें चोरी की थीं। अभियुक्तों ने बताया कि एक भैंस का सींग टूटा हुआ था और दूसरी की पूंछ कटी हुई थी।
चोरी की गई भैंसों में से एक को छोटा हाथी लोडर में लादकर ले जाया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। दूसरी चोरी की गई भैंस के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि वह उनके अन्य साथी राहुल और गुलफाम के हिस्से में आई थी, जिन्होंने उसी दिन उसे बेच दिया। पुलिस ने बरामद भैंस को पशुपालक के सुपुर्द कर दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू उर्फ लल्लू पहलवान पुत्र इशाक निवासी नई बस्ती थाना रकाबगंज, शाहरुख उर्फ पांचू पुत्र सलीम निवासी पक्की सराय नई आबादी थाना ताजगंज और रविंद्र कुमार पुत्र शिवराम निवासी हरजूपुरा थाना ताजगंज के रूप में हुई है। वहीं, राहुल और गुलफाम फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पशुपालकों में भैंस चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच ताजगंज पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

