ताज नेचर वॉक व वन क्षेत्रों का निरीक्षण, 2026 वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा

0

आगरा लाईव न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के माननीय राज्य मंत्री श्री के०पी० मलिक बुधवार को आगरा भ्रमण पर रहे। अपने दौरे के दौरान मंत्री ने ताज नेचर वॉक तथा ताज वन क्षेत्र में विभिन्न वर्षों में कराए गए मियावॉकी पद्धति से हुए वृक्षारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और वन विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण व संवर्धन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के उपरांत ताजकुंज वन विश्राम भवन, आगरा में वन विभाग एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आगरा के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा जनपद में विगत वर्षों में कराए गए वृक्षारोपण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई, साथ ही आगामी वृक्षारोपण अभियान 2026 की तैयारियों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मंत्री के०पी० मलिक ने आगरा जिले में फॉरेस्ट कवर में 6.90 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास और जनसहभागिता का सकारात्मक परिणाम बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर गति दी जाए, ताकि आने वाले वर्षों में आगरा का हरित आवरण और अधिक सशक्त हो सके। भारतीय वन सर्वेक्षण, देहरादून की वर्ष 2021 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया गया कि उस समय आगरा का फॉरेस्ट कवर 6.50 प्रतिशत था, जो वर्ष 2023 की रिपोर्ट में बढ़कर 6.82 प्रतिशत हो गया है। यह वृद्धि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।

मंत्री के आगरा भ्रमण के दौरान भीमसेन, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, आगरा जोन; राजेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग आगरा; क्षेत्रीय अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आगरा; उप प्रभागीय वनाधिकारी आगरा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देने के निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here