खौफनाक इश्क का अंजाम: गर्लफ्रेंड का गला रेतकर सिर-पैर काटे, बोरे में भरकर यमुना पुल पर फेंकी लाश; भाई की शादी का कार्ड बांटने निकली थी मिंकी, बोला–दे रही थी धोखा

0

आगरा लाइव। ताजनगरी एक बार फिर रिश्तों की आड़ में पल रहे खूनी इरादों से दहल उठी है। प्रेम संबंधों में शक और गुस्से ने एक युवक को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपनी ही गर्लफ्रेंड को ऑफिस बुलाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी ने युवती का सिर धड़ से अलग किया, पैरों को भी काट दिया और शव को बोरे में भरकर यमुना पुल पर फेंक दिया। जबकि सिर को झरना नाले में ठिकाने लगाने का दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सिर की तलाश अभी जारी है। पूरा मामला थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के पार्वती विहार का है। बोरे में मिली सिर कटी लाश की पहचान पार्वती विहार निवासी मिंकी (30) के रूप में हुई है। मिंकी अपने भाई की शादी का कार्ड बांटने और शादी की खरीदारी के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस शख्स पर वह भरोसा करती है, वही उसकी जिंदगी छीन लेगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रांस यमुना कॉलोनी सी-ब्लॉक निवासी विनय राजपूत, जो कंस्ट्रक्शन से जुड़ी एक एजेंसी में काम करता है, इस हत्याकांड का आरोपी है। विनय के पिता अनार सिंह आवास विकास विभाग से एक साल पहले रिटायर हुए हैं। विनय और मिंकी पिछले 3-4 साल से एक ही ऑफिस में काम कर रहे थे और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों के घरों की दूरी करीब सात किलोमीटर है।विनय फील्ड पर काम करता था, जबकि मिंकी ऑफिस में रहती थी। दोनों अक्सर मौका निकालकर साथ घूमने भी जाते थे। विनय मिंकी से शादी करना चाहता था, लेकिन मिंकी बात को टालती रहती थी। इसी बीच विनय को शक हो गया कि मिंकी का किसी और युवक से अफेयर चल रहा है। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ।

इसी दौरान मिंकी के भाई की शादी 6 फरवरी को तय हो गई। वह शादी के कार्ड बांटने में जुटी हुई थी। शुक्रवार 23 जनवरी को मिंकी ने विनय को फोन कर बताया कि वह संजय प्लेस शादी की खरीदारी के लिए जा रही है। इस पर विनय ने बहाने से उसे अपने ऑफिस बुला लिया। वह चाहता था कि मिंकी से आमने-सामने बैठकर शादी और रिश्ते को लेकर बात करे। मिंकी के ऑफिस पहुंचने पर विनय ने वहां मौजूद ऑफिस बॉय को छुट्टी दे दी, ताकि ऑफिस में कोई और न रहे। इसके बाद दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। विनय ने मिंकी पर किसी और युवक के साथ घूमने का आरोप लगाया और शादी के लिए दबाव बनाया। मिंकी के इनकार करते ही विनय आपा खो बैठा और गुस्से में चाकू से मिंकी का गला रेत दिया। इसके बाद सिर धड़ से अलग कर दिया।हत्या के बाद आरोपी ने सिर को एक बैग में रखा और धड़ को बोरे में भर दिया। जब धड़ बोरे में ठीक से नहीं आया तो उसने दोनों पैर भी काट दिए। इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने के लिए रात होने का इंतजार करता रहा।

रात में विनय ने मिंकी की ही एक्टिवा स्कूटी के आगे बोरा रखकर शव को झरना नाले के जंगल में फेंकने के लिए निकला। उसकी योजना थी कि सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक देगा ताकि पहचान न हो सके। लेकिन जवाहर पुल पर अचानक एक वाहन के कारण उसकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और बोरा सड़क पर गिर गया। विनय ने बोरा उठाने की कोशिश की, लेकिन तभी एक वाहन चालक की नजर उस पर पड़ गई। घबराकर वह बोरा वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाद में उसने सिर को झरना नाले में फेंकने की बात पुलिस को बताई।

शनिवार 24 जनवरी की रात करीब एक बजे पुलिस को जवाहर पुल पर बोरा पड़ा होने की सूचना मिली। बोरा खोलने पर अंदर निर्वस्त्र अवस्था में सिर कटी युवती की लाश मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस कमिश्नरेट की चार टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक फुटेज में आरोपी स्कूटी के आगे बोरा रखकर जाता हुआ दिखाई दिया। स्कूटी नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और घटना के करीब 12 घंटे के भीतर विनय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया।

इधर, मिंकी जब देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद भी विनय मिंकी के परिजनों को गुमराह करता रहा। उसने उनके साथ मिलकर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की और अनजान बनने का नाटक करता रहा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर युवती के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि मिंकी ने उस पर चाकू से हमला किया था और बचाव में उसे चाकू लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घबराहट में उसने शव ठिकाने लगाने की कोशिश की। लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी सच्चाई कबूल कर ली।

इस मामले में पुलिस अफसरों के बयान भी अलग-अलग सामने आए हैं। डीसीपी सैयद अली अब्बास शुरुआत में सिर अलग न होने की बात कहते रहे, जबकि एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि युवती का सिर धड़ से अलग कर हत्या की गई है और सिर अभी बरामद नहीं हुआ है। सिर की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। इस खौफनाक हत्याकांड ने आगरा में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और प्रेम संबंधों में बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here