रोहता गांव में महिला की गला रेतकर हत्या, मकान की सीढ़ियों के पास मिला खून से सना शव, तीन बच्चों की मां थी मृतका

0
Oplus_131072

आगरा लाईव। थाना सदर क्षेत्र के रोहता गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान की सीढ़ियों के पास खून से सना महिला का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब सीढ़ियों से बहते खून पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान गांव निवासी लगभग 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूनम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि पूनम तीन बच्चों की मां थी और अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी। वह जूते की हील बनाने का काम कर मेहनत-मजदूरी से अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।

पूनम की बेटी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे उसकी मां घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सुबह जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो बराबर के मकान की सीढ़ियों से खून बहता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पूनम का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजन बदहवास हो गए और परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि पूनम पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में रहकर नौकरी करता है। सीमित संसाधनों के बावजूद पूनम अकेले ही अपने दो बेटों और एक बेटी की जिम्मेदारी संभाल रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटवाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है। हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here