वेलेंटाइन वीक में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: एटा में पेड़ पर फंदे से लटके मिले चाची-भतीजे के शव

0
Oplus_131072

आगरा लाईव/एटा। वेलेंटाइन वीक के बीच उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। प्रेम प्रसंग में उलझे चाची और भतीजे के शव बुधवार सुबह एक पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मामला थाना मलावन क्षेत्र के गांव पुरा से जुड़ा है। यहां रहने वाले रामेंद्र के अनुसार उनका बेटा रमन पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में चाची लगने वाली रोशनी के साथ प्रेम संबंध में था। रोशनी की शादी वर्ष 2016 में गांव के ही जोगेंद्र के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। इस शादी से उसे एक बेटा और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले रोशनी का दिल अपने ही भतीजे रमन पर आ गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।

परिजनों और ग्रामीणों ने कई बार पंचायत कर दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़े रहे। स्थिति को संभालने के लिए छह माह पहले रमन की शादी भी दूसरी युवती से कर दी गई थी, मगर इसके बावजूद दोनों के संबंध खत्म नहीं हुए। मंगलवार को गांव में एक शादी समारोह था। दावत के दौरान रमन और रोशनी अचानक लापता हो गए। देर रात तक परिजन उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सरदलगढ़ की सीमा में एक पेड़ पर दो शव लटके होने की सूचना मिली। जब गांव पुरा के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि रमन और रोशनी साड़ी के फंदे से पेड़ पर लटके हुए थे। दोनों के शरीर कमर से शॉल के सहारे एक-दूसरे से बंधे थे। दृश्य इतना मार्मिक था कि मौजूद लोग सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्रेम, सामाजिक बंधनों और पारिवारिक दबाव के बीच उलझी यह कहानी आखिरकार एक खौफनाक अंत तक पहुंच गई। वेलेंटाइन वीक में सामने आई इस घटना ने रिश्तों, सामाजिक मान्यताओं और भावनात्मक तनाव पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here