आगरा लाईव। आगरा मंडल के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब बड़ा दूल्हा मंडप से टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। घटना के चलते न केवल बड़ी बहन की शादी टूट गई, बल्कि छोटी बहन का विवाह भी रुक गया। रातभर चले घटनाक्रम के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और बुधवार को पंचायत में आर्थिक समझौते के साथ विवाद सुलझाया गया। जानकारी के अनुसार गोवर्धन क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार की दो सगी बेटियों का विवाह राजस्थान के डीग निवासी दो सगे भाइयों—बड़े विकास और छोटे चेतन—के साथ तय हुआ था। मंगलवार शाम बारात धूमधाम से पहुंची। घरातियों ने स्वागत-सत्कार में कोई कमी नहीं छोड़ी। जयमाल और अन्य वैवाहिक रस्में शुरू हो चुकी थीं। परिवार में खुशी का माहौल था और दोनों बहनें दुल्हन के जोड़े में मंडप में बैठी थीं।
रात करीब एक बजे बड़ा दूल्हा विकास अचानक मंडप से उठा और परिजनों से टॉयलेट जाने की बात कहकर बाहर चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद स्पष्ट हुआ कि विकास समारोह स्थल से गायब हो चुका है। यह खबर फैलते ही विवाह स्थल पर हड़कंप मच गया। बड़ी दुल्हन सदमे में आ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी बहन की शादी टूटते देख छोटी बहन का विवाह भी रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोवर्धन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूल्हा पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। फरार दूल्हे की तलाश शुरू कर दी गई। छोटे भाई चेतन से भी पूछताछ की गई। रातभर दोनों पक्षों में तनाव का माहौल बना रहा।
बुधवार सुबह से गांव में पंचायत बैठी, जिसमें दोनों पक्षों के रिश्तेदार और गणमान्य लोग शामिल हुए। घंटों चली बातचीत और आरोप-प्रत्यारोप के बाद सहमति बनी कि लड़के पक्ष विवाह में लिया गया 13.5 लाख रुपये नगद और दिया गया सामान वापस करेगा। इस निर्णय के बाद मामला शांत हुआ, हालांकि परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और बेटियों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि यदि वधू पक्ष की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंचायत के फैसले के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए हैं। घटना ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है और विवाह जैसे पवित्र बंधन में भरोसे की अहमियत पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

