आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे स्थित वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूसे से लदा एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक भूसा भरा हुआ था। भूसे के बोरे इतने ऊंचे तक लदे थे कि ट्रैक्टर के इंडिकेटर और आगे का हिस्सा ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। ट्रॉली का आकार सामान्य से कहीं बड़ा प्रतीत हो रहा था, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी हुई थी। फ्लाईओवर पर चढ़ते समय अचानक ट्रैक्टर डगमगाया और देखते ही देखते ट्रॉली सहित पलट गया।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूल बसें और अन्य यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर पलटे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया। सड़क पर फैले भूसे को भी हटाने में काफी समय लगा। लगभग कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनी हुई है। यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर सख्ती नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस घटना ने एक बार फिर परिवहन नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग की समस्या को उजागर कर दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन की तत्परता से भले ही बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवाल यह है कि हाईवे पर ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण कब तक सुनिश्चित किया जाएगा।

