होली के बहाने घर में घुसे बदमाश, तमंचे के बल पर ज्वैलरी और कैश लूटा

0
Oplus_131072

आगरा लाईव। होली के दिन रंग खेलने के बहाने घर में घुसे चार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी के घर में लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश तमंचा दिखाकर घर में रखी ज्वैलरी और नकदी लूट ले गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र के घुड़िया बाग हाथरस वाला पेंच इलाके की है। यहां रहने वाले विनोद वाष्र्णेय अपने घर से ही अरविंद एंड ब्रदर्स के नाम से स्क्रैप का कारोबार करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे होली के रंग में रंगे कुछ युवक उनके घर के गेट पर पहुंचे और होली मिलने के बहाने गेट खटखटाया।

Agra Live

गेट खुलते ही एक-एक कर चार युवक घर के अंदर घुस आए और अचानक तमंचा निकालकर परिवार को डरा दिया। बदमाशों ने घर में रखी ज्वैलरी और नकदी लूट ली। इसके बाद उन्होंने कारोबारी की बेटी आकांक्षा के कमरे में जाकर अलमारी के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे कैश भी निकाल लिया। इतना ही नहीं, बदमाश जाते समय परिवार के मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट की सूचना मिलते ही थाना देहलीगेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे चौकी घुड़ियाबाग क्षेत्र से सूचना मिली कि कुछ अज्ञात लोग होली के बहाने एक घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन होली के दिन हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here