संवाददाता: जितेन्द्र कुशवाह की रिपोर्ट
आगरा लाईव। कुशवाह समाज के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले ने क्षेत्र में तूल पकड़ लिया। घटना के बाद कुशवाह समाज में भारी आक्रोश फैल गया और समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने से पहले ही थाना सैया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया गया है कि आरोपी ने विवाद के दौरान कुशवाह समाज को निशाना बनाते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना की जानकारी फैलते ही समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामने आए और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की। इस पूरे मामले में कुशवाह युवा मंच के पदाधिकारियों ने भी कड़ा रुख अपनाया। मंच के अध्यक्ष विपिन कुशवाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा समाज के खिलाफ जातिसूचक या अपमानजनक टिप्पणी की गई, तो कुशवाह युवा मंच उसके खिलाफ सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक निर्णायक लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कुछ लोग समाज की एकता और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसे प्रयासों को किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की घटनाएं दोबारा सामने आईं तो समाज बड़ा जन आंदोलन खड़ा करने के लिए मजबूर होगा।
वहीं इस मामले में पुलिस प्रशासन का कहना है कि जातिसूचक टिप्पणी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद समाज के लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है, लेकिन साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का अपमान अब सहन नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर समाज के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

