एत्माद्दौला के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-2 में रविवार रात की घटना, आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटीं
आगरा लाईव। शहर के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में दूध के हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-2 में रविवार रात डेयरी संचालक ने बकाया रुपये मांगने पहुंचे दूधिया और उसके साथी पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दूधिया के साथी के हाथ और पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, जबकि आरोपी डेयरी संचालक और उसका भाई मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
60 लीटर दूध के हिसाब को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-2 में रवि उर्फ धर्मेंद्र यादव और उसका भाई अनूप यादव किराये की दुकान में “श्री बजरंग डेयरी” के नाम से डेयरी चलाते हैं। सीता नगर निवासी किशन यादव इस डेयरी पर दूध सप्लाई करता था। बताया जा रहा है कि करीब 60 लीटर दूध के हिसाब को लेकर किशन और डेयरी संचालक रवि के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे किशन यादव अपने पड़ोसी कन्हैया के साथ बकाया रुपये का हिसाब करने डेयरी पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया।
भीड़ जुटने पर निकाला तमंचा, कर दी फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान डेयरी संचालक रवि और उसके भाई अनूप ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसी बीच रवि ने तमंचा निकाल लिया और फायरिंग कर दी। एक गोली कन्हैया के हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी रवि और उसका भाई अनूप मौके से भाग निकले।
पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही एत्माद्दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कन्हैया को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल भी की और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
घायल युवक के पिता राजेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
छत्ता सर्किल के एसीपी शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि दूध के बकाया रुपये को लेकर डेयरी पर विवाद हुआ था। इसी दौरान डेयरी संचालक द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
दूध के पैसे को लेकर हुई इस फायरिंग की घटना के बाद ट्रांस यमुना कॉलोनी इलाके में देर रात तक चर्चा का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी सी रकम के विवाद में इस तरह फायरिंग होना बेहद चिंताजनक है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

