भाजपा पार्षद पर पत्नी का गंभीर आरोप, दहेज मांग, मारपीट और गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज

0

आगरा लाईव। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में राहुल नगर वार्ड-42 से भाजपा पार्षद रवि कुमार के खिलाफ उनकी पत्नी डिम्पी डागौर ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। पीड़िता डिम्पी डागौर, निवासी वाल्मीकि बस्ती, लंगड़े की चौकी, थाना हरीपर्वत ने बताया कि उनकी शादी 4 नवंबर 2022 को रवि कुमार निवासी नितेश नगर दहतोरा रोड, थाना जगदीशपुरा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी में उनके परिजनों ने करीब 16 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान और नगद राशि शामिल थी।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही रवि कुमार को भाजपा से पार्षद का टिकट मिल गया और चुनाव जीतने के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। इसके बाद पति, सास-ससुर और अन्य परिजनों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 11 लाख रुपये और एक बलेनो कार की मांग शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, परिवार ने किसी तरह करीब 5 लाख रुपये का इंतजाम कर दिया, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। डिम्पी डागौर ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें कथित रूप से विषाक्त पदार्थ देकर जान से मारने की कोशिश भी की गई, हालांकि समय रहते अस्पताल पहुंचने से उनकी जान बच गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति का किसी अन्य महिला से संबंध है और उसे लेकर अक्सर विवाद होता था।

सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने बताया कि 20 फरवरी 2024 को जब वह करीब डेढ़ महीने की गर्भवती थीं, तब ससुराल पक्ष ने मारपीट कर जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा। पीड़िता का कहना है कि कई बार थाना और महिला थाने में शिकायत करने के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां 22 जनवरी 2026 को मेडिएशन भी हुआ, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसी बीच पति द्वारा परिवार न्यायालय में तलाक का मुकदमा भी दायर कर दिया गया।

पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि ससुराल पक्ष ने कई बार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और दोबारा घर में रखने के लिए दहेज की मांग दोहराई। उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनके पास आरोपों से संबंधित चैट और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें वह जांच में प्रस्तुत कर सकती हैं।फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति रवि कुमार सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here