फाउंड्री नगर में मुठभेड़: ताज आयरन फैक्ट्री लूट का आरोपी आकाश उर्फ़ माइवाला गोली लगने से गिरफ्तार

0

जितेन्द्र कुशवाह, क्राइम रिपोर्टर

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में ताज आयरन फैक्ट्री के गार्ड के साथ मारपीट कर लूटपाट करने की घटना में वांछित चल रहा शातिर अपराधी आकाश उर्फ़ माइवाला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना के दो दिन बाद ही पुलिस को उसकी गतिविधियों की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद गुरुवार देर रात फाउंड्री नगर इलाके में ट्रांस यमुना पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन खुद को घिरा देख आकाश ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान आकाश उर्फ़ माइवाला के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। घायल हालत में भी उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

घायल बदमाश को तुरंत पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसके ठीक होते ही उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस लूट की वारदात में वह मुख्य आरोपी था और घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, .315 बोर के एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, तथा ताज आयरन फैक्ट्री में लूटा गया चार चांदी के सिक्कों का सामान बरामद किया है। बरामदगी से यह स्पष्ट हो गया कि लूट की वारदात में वही शामिल था और वह घटनास्थल से माल लेकर फरार हुआ था।

घटना की पुष्टि करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (छत्ता) ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही लूट की घटना से जुड़े अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। ट्रांस यमुना पुलिस टीम की इस कार्रवाई को शहर में हालिया अपराधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here