अनुमति की आड़ में अवैध खनन का खेल उजागर, एत्मादपुर में SDM की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

0

आगरा लाईव न्यूज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का रुख लगातार सख्त होता जा रहा है। तहसील एत्मादपुर में उप जिलाधिकारी सुमित कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति या अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर किए गए किसी भी प्रकार के खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। मामला शाहदरा क्षेत्र स्थित बुद्धा पार्क का है, जहां नगर निगम की अनुमति से मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित ठेकेदार अनुमति की शर्तों का खुलेआम उल्लंघन कर रहा था। जिस स्थान से मिट्टी खोदने की अनुमति दी गई थी, वहां से खनन न कर अन्य स्थानों से मिट्टी निकाली जा रही थी। इतना ही नहीं, अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी को निजी लोगों को बेचने का भी कारोबार चल रहा था।

स्थानीय लोगों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को उप जिलाधिकारी सुमित कुमार को अवैध खनन की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल लेखपाल संतोष कुमार को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच के दौरान मौके पर पोकलेन मशीन और डंपर मिट्टी का खनन करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। उप जिलाधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि जांच में मिट्टी की अवैध बिक्री और अनुमति से अलग स्थान पर खनन किए जाने की शिकायत सही पाई गई है। संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि आगे भी यदि किसी ने बिना अनुमति या नियमों की अनदेखी कर खनन किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में डर का माहौल है, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने उप जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना की है। आमजन का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से कार्रवाई होती रही, तो क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लग सकेगी और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान पर भी अंकुश लगेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here