आगरा लाईव न्यूज। गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर 27 दिसंबर को आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अर्धशासकीय संस्थानों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन तथा सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी कार्यकारी आदेशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार 27 दिसंबर को जनपद के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके अलावा सभी शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को अवकाश का लाभ मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार यह अवकाश सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के सम्मान में घोषित किया गया है। प्रकाश पर्व को लेकर जिले में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी तैयारी की जा रही है। अवकाश की घोषणा के बाद कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में संतोष का माहौल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी, जबकि अन्य सभी सरकारी और शैक्षणिक संस्थान 27 दिसंबर को बंद रहेंगे।

