नवाचार और स्वच्छता से विकसित भारत का ‘अटल’ संकल्प लें युवा : महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह

0

आगरा लाईव न्यूज। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर निगम, आगरा द्वारा मंगलवार को नगर निगम परिसर में “काव्यपाठ, चित्रकला प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 और “ज़ीरो वेस्ट” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि भाजपा बृज क्षेत्र के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल रहे। कार्यक्रम संयोजक महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने अतिथियों का स्वागत किया।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के आदर्श हैं। उनके विचार, कविताएं और वाक्-शैली आज भी युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरित करती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत मिशन को साकार करने के लिए नवाचार को अपनाएं और नगर निगम आगरा इस दिशा में युवाओं के साथ खड़ा रहेगा। महापौर ने कहा कि अटल जी का मूल मंत्र था—सबको साथ लेकर चलना, सरल व्यक्तित्व और उच्च विचारों के साथ सकारात्मक वातावरण बनाना। महापौर ने आगरावासियों से शहर को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की अपील करते हुए सिंगल यूज़ प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग, पुनःउपयोग और कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने नागरिकों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने तथा नगर निगम की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। अपने संबोधन में महापौर ने अटल जी के आगरा से जुड़ाव को भी स्मरण किया। उन्होंने बताया कि अटल जी का रिश्ता केवल बटेश्वर तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्हें आगरा का स्वाद, स्वभाव और स्नेह प्रिय था। आगरा की बेड़ई उन्हें विशेष रूप से पसंद थी। पार्टी अधिवेशन के दौरान आगरा आगमन पर फूलों से स्वागत होने पर अटल जी का यह कहना कि “आगरावालों को फूल बहुत पसंद हैं,” आज भी स्मृतियों में जीवंत है। अटल जी कार्यकर्ताओं को नाम लेकर संबोधित करते थे और उन्हें आत्मसम्मान का पाठ पढ़ाते थे।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने हर मंच पर देश का मान बढ़ाया। कश्मीर, पोखरण और पाकिस्तान नीति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर उन्होंने साहसिक निर्णय लेकर भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनका नेतृत्व दृढ़ता, संवाद और राष्ट्रहित का प्रतीक था। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और “ज़ीरो वेस्ट” की अवधारणा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। बच्चों की चित्रकला और काव्यपाठ में स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक-मुक्त आगरा की सशक्त कल्पना उभरकर सामने आई। काव्यपाठ सत्र में डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा सहित स्थानीय एवं आमंत्रित कवियों ने स्वच्छता, राष्ट्रनिर्माण और अटल जी के व्यक्तित्व-कृतित्व पर केंद्रित रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में “स्वच्छ आगरा”, “कचरे से कंचन” और “ज़ीरो वेस्ट मार्केट” जैसे विषयों पर विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने मनोहारी चित्र प्रस्तुत किए, जिनकी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आगरा की 5R पहल—Reduce, Reuse, Recycle, Repurpose और Refuse—तथा “Zero Waste Market” जैसे नवाचारों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपयोग किए गए फ्लेक्स और बैनर को पुनःउपयोग के लिए स्वयं सहायता समूहों को सौंपने की घोषणा भी की गई, जिससे “कचरे से कंचन” की अवधारणा को व्यवहारिक रूप दिया जा सके।

समापन सत्र में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता दूत बनकर जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, नगर निगम के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत और भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here