ऑटो में बैठी महिला के पर्स से जेवर चोरी का खुलासा, दो महिला शातिर गिरफ्तार

0

आगरा लाईव न्यूज। थाना सदर बाजार पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑटो में सफर के दौरान महिला के पर्स से आभूषण चोरी करने वाली दो शातिर महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्ताओं के कब्जे से चोरी का कीमती सामान बरामद करते हुए मामले का सफल अनावरण किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 05 नवंबर 2025 की है। वादिया ने थाना सदर बाजार पर दी गई तहरीर में बताया था कि वह अपने घर से भाई के घर जाने के लिए राजराजेश्वर मंदिर के सामने से एक ऑटो में बैठी थी। ऑटो में पहले से दो महिलाएं सवार थीं। जब वह राजापुर चुंगी पर उतरी तो उसे पता चला कि उसके बैग में रखा छोटा पर्स गायब है, जिसमें सोने के जेवर रखे हुए थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में 04 जनवरी 2026 को थाना सदर बाजार पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने क्लार्क सिराज होटल के पीछे, राधा स्वामी सत्संग की ओर जाने वाले रास्ते के पास से दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चैन, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो चूड़ी और पांच सौ रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि उन्होंने 05 नवंबर 2025 को दोपहर के समय राजराजेश्वर मंदिर से राजापुर चुंगी की ओर जा रहे ऑटो में सवार दो महिलाओं में से एक महिला के पर्स से जेवर चोरी किए थे। चोरी किए गए आभूषणों में चार अंगूठी, एक चैन, एक मंगलसूत्र और चार चूड़ी शामिल थीं। अभियुक्ताओं ने बताया कि उसी दिन उन्होंने चोरी की गई आभूषणों में से दो अंगूठी और दो चूड़ी बीस हजार रुपये में बेच दी थीं, जबकि शेष आभूषण उनके पास ही थे, जिन्हें अब पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों महिला अभियुक्ताएं शातिर किस्म की हैं और भी वारदातों में संलिप्त हो सकती हैं, जिनके संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से ऑटो में सफर करने वाले यात्रियों के बीच फैली असुरक्षा की भावना पर अंकुश लगा है और पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here