जितेन्द्र कुशवाह क्राइम रिपोर्टर
आगरा लाईव न्यूज। देवरी रोड सेमरी चौराहा स्थित थाना एकता क्षेत्र में बने कैलाश हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। उद्घाटन कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक नशे की हालत में खुलेआम असलहा लहराते हुए डांस करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह उद्घाटन समारोह हॉस्पिटल संचालक डॉ. नवल कुशवाहा द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, उसी दौरान एक युवक मंच और भीड़ के बीच हथियार लहराते हुए नाचता नजर आया। वीडियो में युवक का व्यवहार पूरी तरह से लापरवाह और कानून की अवहेलना करता हुआ प्रतीत हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में खुलेआम असलहा लहराए जाने के बावजूद मौके पर किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। स्थानीय लोगों का कहना है कि आगरा में इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। इससे पहले भी जन्मदिन पार्टियों, शादियों, बारातों और उद्घाटन समारोहों में दबंगों द्वारा असलहा लहराने के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। कुछ मामलों में पुलिस ने कार्रवाई जरूर की, लेकिन उसके बाद भी ऐसे मामलों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है। लोगों का आरोप है कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का।
सबसे गंभीर बात यह है कि यह इलाका वीआईपी मूवमेंट और प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों से जुड़ा माना जाता है। आगरा एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से हजारों सैलानी पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन न केवल कानून-व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और शहर की अंतरराष्ट्रीय छवि को भी नुकसान पहुंचा सकता है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों में आक्रोश है। आम नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन पर सख्त प्रतिबंध होने के बावजूद इस तरह की घटनाओं का बार-बार सामने आना प्रशासन की कमजोरी को उजागर करता है। इससे आम जनता में भय का माहौल बनता है और कानून के प्रति भरोसा कमजोर होता जा रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही यह स्पष्ट हो सका है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक कौन है और उसके पास जो असलहा है, वह लाइसेंसी है या अवैध। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है या फिर यह मामला भी पहले की तरह कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

