77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट व कमिश्नरी में हुआ भव्य ध्वजारोहण, अमर शहीदों के परिजन सम्मानित, विकास योजनाओं की मिली झलक

0

आगरा लाइव। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद में उत्साह, देशभक्ति और गौरव का वातावरण देखने को मिला। कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना, मूल कर्तव्यों एवं लोकसेवा के संकल्प की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद के अमर शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हाल ही में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित वीर बालक अजय राज पुत्र वीरभान को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सगीर फातिमा इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान में निहित मूल अधिकार, मूल कर्तव्य, नीति निदेशक तत्व और प्रस्तावना नागरिकों को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश कृषि, अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था, रक्षा, उद्योग, डेयरी सहित प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है, जो सभी नागरिकों के सामूहिक योगदान का परिणाम है। जिलाधिकारी ने जनपद आगरा की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 36 वर्षों बाद आगरा को अटलपुरम आवासीय योजना मिलने जा रही है तथा रहनकला क्षेत्र में भी नई आवासीय योजना विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त शहर में मेट्रो परियोजना, नमामि गंगे योजना के अंतर्गत 100 एमएलडी एसटीपी, बटेश्वर तीर्थ विकास, शिव मंदिर कॉरिडोर, आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से विकास कार्यों को धरातल पर उतार रहे हैं और अधिकारियों-कर्मचारियों को आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने व समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु तत्पर रहने के निर्देश दिए।

उधर, कमिश्नरी परिसर में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। जनपद के विकास भवन, सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग, नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एसीएम विनोद सिंह, संदीप यादव, विनोद कुमार, कलेक्ट्रेट के कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं अमर शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here