आगरा लाईव। थाना खंदौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नगला जालिम में बीती देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में तेज रफ्तार से जा रहा एक CNG टेंपो बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक अंधेरे में डूबे गांव में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो (संख्या UP80 ET 5789) गांव के मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर के बाद खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली की लाइन टूटकर लटक गई। घटना के समय अधिकतर ग्रामीण अपने घरों में थे। तेज आवाज सुनते ही लोग बाहर निकले तो देखा कि टेंपो खंभे में फंसा हुआ है और चारों ओर घुप्प अंधेरा फैल चुका है।
बिजली गुल होते ही गांव का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। बच्चों की पढ़ाई रुक गई, कई घरों में पानी की मोटरें बंद हो गईं और मोबाइल फोन चार्ज न होने से लोगों को संपर्क करने में भी दिक्कतें हुईं। बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को रात भर भारी परेशानी झेलनी पड़ी। जिन घरों में बीमार लोग थे, वहां हालात और भी चिंताजनक हो गए। गांव निवासी सलमान खान ने बताया कि बिजली जाते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अंधेरे में गिरने से डरते रहे और कई परिवार पूरी रात जागते रहे। उन्होंने कहा कि अगर टेंपो में आग लग जाती या खंभा पूरी तरह गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची बिजली विभाग की टीम ने एहतियातन ऊपर से बिजली लाइन कटवाई, ताकि कोई और दुर्घटना न हो सके। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बिजली का खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल टेंपो का मालिक शाहरुख निवासी खंदौली बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नशे की हालत में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई न होने के कारण ऐसे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और गांव की बिजली व्यवस्था को शीघ्र बहाल कराया जाए। साथ ही, गांव के अंदर और आसपास के मार्गों पर रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

