आगरा लाईव। चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बीच सर्राफा कारोबार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के मेवा कटरा सेवा बाजार में स्थित आर.डी. जैन फर्म से कारीगर द्वारा करीब 10 किलो चांदी लेकर फरार होने और बाद में कारोबारी को धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित कारोबारी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक सीधा-सादा और कानून में आस्था रखने वाला व्यक्ति है तथा थाना कोतवाली क्षेत्र के मेवा कटरा सेवा बाजार में आर.डी. जैन नाम से फर्म का संचालन करता है। उसकी फर्म पर मजदूरों के माध्यम से चांदी के आभूषण बनवाने का कारोबार किया जाता है।
कारोबारी के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों से मुस्ताक पुत्र सब्बीर निवासी केसर विहार, आजमपाड़ा, थाना शाहगंज, आगरा अपनी फर्म से चांदी का कच्चा माल लेकर आभूषण तैयार करता था और समय पर तैयार माल वापस कर देता था। इसी विश्वास के आधार पर दिनांक 4 मई 2025 की शाम करीब 7 बजे मुस्ताक अपने पुत्र राहिल के साथ फर्म आर.डी. जैन से करीब 10 किलो चांदी की चेन टांका लगाने के लिए लेकर गया। उस समय मुस्ताक ने आश्वासन दिया कि 10 मई 2025 तक तैयार माल वापस कर देगा। पीड़ित का कहना है कि 10 मई को जब उसने मुस्ताक को फोन किया तो उसने बताया कि माल तैयार है और आधे घंटे में ले जाओ। इसके बाद कारोबारी ने अपने पुत्र को मुस्ताक के घर भेजा, लेकिन वहां ताला लगा मिला। जब मुस्ताक और उसके पुत्र राहिल के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया गया तो दोनों के फोन बंद मिले। कारोबारी का आरोप है कि इसके बाद वह कई बार मुस्ताक के घर गया, लेकिन वहां मौजूद परिजनों ने मुस्ताक और राहिल के बारे में बताने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, मुस्ताक के भाई और साले ने उसे धमकाते हुए कहा कि दोबारा यहां आया तो जान से मार देंगे और वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पीड़ित कारोबारी ने आशंका जताई है कि मुस्ताक और उसका पुत्र राहिल सुनियोजित तरीके से 10 किलो चांदी लेकर फरार हो गए हैं। वर्तमान बाजार भाव के अनुसार इस चांदी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जिससे कारोबारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुस्ताक और उसके पुत्र राहिल के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर चांदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद से सर्राफा बाजार में भी चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि कीमती धातुओं के बढ़ते दामों के चलते ऐसे मामलों में इजाफा हो रहा है और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

