आगरा लाईव। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को पीड़िता द्वारा थाना ट्रांस यमुना पर सूचना दी गई कि उसके माता-पिता का देहांत काफी समय पहले हो चुका है और वह अपनी दादी के साथ अपने ताऊ के घर रहती है। पीड़िता के अनुसार 4 फरवरी को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसके ताऊ ने घर में अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने बताया कि उसने अपने बचाव में आरोपी को धक्का दिया, जिससे उसे चोट लग गई। पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना ट्रांस यमुना पर पुलिस टीम का गठन किया गया। दिनांक 6 फरवरी 2026 को गठित पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर छेड़छाड़ की घटना में संलिप्त अभियुक्त मुकेश राणा को ईंट की मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मुकेश राणा पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह निवासी राधा नगर टेढ़ी बगिया थाना ट्रांस यमुना, आगरा बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

