आगरा लाईव। सिकंदरा क्षेत्र स्थित रोजर फैक्ट्री में हुई चर्चित चोरी की घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को सोमवार को हरीपर्वत स्थित एक होटल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार मौजूद रहे। समारोह का आयोजन उद्योग जगत की ओर से पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करने के उद्देश्य से किया गया। कुछ समय पूर्व सिकंदरा स्थित रोजर फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात से उद्योग जगत में चिंता का माहौल बन गया था। घटना के बाद थाना सिकंदरा पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने मामले का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी गए सामान की बरामदगी भी सुनिश्चित की।

इस सराहनीय कार्य के लिए थाना सिकंदरा पुलिस टीम और रुनकता चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित खुलासा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होना चाहिए, तभी कानून व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। समारोह में डीसीपी पश्चिम आदित्य, एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डाबर, एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, रोजर इंडस्ट्रीज के मालिक दीपक बुद्धराजा, कुलबीर सिंह, जूता उद्यमी नजीर अहमद, कैप्टन एएस राना, राजेश सहगल और चंद्र मोहन सचदेवा सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्योगपतियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में शीघ्र खुलासा होने से व्यापारियों का मनोबल बढ़ता है और सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पुलिस टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह की तत्परता बनाए रखने की उम्मीद जताई।
अपराध पर सख्ती और उद्योगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

