आगरा लाईव। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आत्महत्या का प्रयास करने जा रहे एक युवक की जान पुलिस की तत्परता से बच गई। अब्बास नगर निवासी साहिल नामक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह आत्महत्या की बात कहते हुए एक साथ कई टैबलेट खाता नजर आ रहा था। वीडियो पोस्ट होते ही मामला गंभीर हो गया। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मीडिया सेल की नजर उक्त पोस्ट पर पड़ी। मीडिया सेल द्वारा तत्काल थाना एत्माद्दौला पुलिस को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी अरुण बिल्गैया अपनी टीम के साथ तुरंत साहिल के घर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर युवक को उसके कमरे से बाहर निकाला और समय रहते उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उसकी जान बच सकी।
परिजनों ने बताया कि वीडियो देखने के बाद वे भी घबरा गए थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिवार में राहत का माहौल है। साहिल ने भी पुलिस के समक्ष भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में लोग आत्मघाती कदम न उठाएं, बल्कि परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से संपर्क करें। सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो डालना न केवल खतरनाक है, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जिंदगी बचने पर क्षेत्रवासियों ने भी राहत जताई है।

