खंदौली–दयालबाग को जोड़ने की तैयारी तेज, यमुना पर पीपा पुल के लिए पहुंचने लगे पीपे

0
Oplus_131072

आगरा लाईव। यमुना नदी पर खंदौली के पोइया घाट से दयालबाग तक प्रस्तावित पीपा पुल के निर्माण की प्रक्रिया अब जमीनी स्तर पर रफ्तार पकड़ चुकी है। सोमवार को पोइया घाट पर पुल निर्माण के लिए पीपे पहुंचने शुरू हो गए, जिससे क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आवश्यक सामग्री जुटाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक धर्मपाल सिंह ने पोइया घाट पहुंचकर मौके पर आए पीपों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की विस्तृत रूपरेखा, समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों की जानकारी ली। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयावधि में पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

विधायक ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से इस पीपा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल बनने के बाद शहर से खंदौली होते हुए हाथरस की ओर जाने वाले लोगों को सीधा और सुगम मार्ग मिलेगा। खासतौर पर नंदलालपुर, पोइया, पीली पोखर, बगलघूंसा, मलूपुर, रामनगर, उजरई, आबिदगढ़ सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण सीधे दयालबाग और भगवान टॉकीज क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे। वर्तमान में ग्रामीणों को रामबाग से टेढ़ी बगिया होते हुए करीब 15 किलोमीटर से अधिक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। लेकिन पुल बन जाने के बाद पोईया घाट–दयालबाग मार्ग से खंदौली की दूरी मात्र लगभग तीन किलोमीटर रह जाएगी। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि हल्के वाहन, दोपहिया और राहगीरों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

इस पीपा पुल के निर्माण से अलीगढ़ जाने के लिए भी एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो जाएगा, जिससे शहर के यातायात दबाव में कमी आने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आवागमन की बड़ी समस्या का समाधान होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here