ऑटो चालक विजयपाल हत्याकांड का खुलासा, कुकर्म के प्रयास में विरोध करने पर की गई थी निर्मम हत्या

0

आगरा लाईव। थाना सैया क्षेत्र में 14 फरवरी को हुई ऑटो चालक विजयपाल की हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम विष्णु और अमित शुक्ला हैं। होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को लादूखेड़ा पेट्रोल पंप के पास से दबोचा। मृतक के भाई हुकम सिंह पुत्र चरन सिंह निवासी चौकी हिनोता, थाना मनियां, जिला धौलपुर (राजस्थान) ने 17 फरवरी को थाना सैया में तहरीर देकर बताया था कि उनका भाई विजयपाल टेम्पो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। 14 फरवरी को दो युवक उसे टेम्पो सहित अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह लापता हो गया। अगले दिन सैया-इरादतनगर मार्ग पर पुल की रपट के पास टेम्पो लावारिस हालत में खड़ा मिला। आसपास तलाश करने पर विजयपाल के कपड़े और चप्पल पड़े मिले तथा नाले में उसका शव बरामद हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सैया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने विष्णु और अमित शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक काला बैग बरामद किया गया, जिसमें मृतक का आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो, टेम्पो की आरसी और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 14 फरवरी को उन्होंने सैया चौराहे से 300 रुपये में ऑटो किराये पर लिया था। रास्ते में उन्होंने शराब खरीदी और ऑटो में बैठकर पी। आरोप है कि नशे की हालत में रेलवे ओवरब्रिज के पास उन्होंने चालक के साथ जबरन गलत हरकत करने का प्रयास किया। विरोध करने पर विजयपाल के साथ मारपीट की गई और उसे सड़क से नीचे खाई की ओर ले जाकर जबरन कपड़े उतार दिए गए। जब विजयपाल ने प्रतिरोध किया तो दोनों ने उसे धक्का देकर नाले में गिरा दिया और पानी में दबाए रखा, जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो गई।हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए और दस्तावेजों वाला बैग रास्ते में फेंक दिया।

पुलिस ने बरामदगी के साथ पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है। होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सैया पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है, हालांकि यह वारदात समाज को झकझोर देने वाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here