साइबर तकनीक से वसूली की साजिश रच रहे थे आरोपी, मलपुरा पुलिस ने किया खुलासा
आगरा लाईव। होली के त्योहार के बीच मलपुरा थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स को ऑनलाइन धमकी देकर करोड़ों रुपये की वसूली की साजिश रचने का मामला सामने आया है। साइबर, सर्विलांस और काउंटर इंटेलीजेंस टीम की मदद से मलपुरा पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर पूरे प्रकरण का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक सफेद स्विफ्ट कार और लिखित सामग्री बरामद की गई है।ककुआ निवासी ज्वेलर्स प्रमोद कुमार अग्रवाल ने 28 फरवरी को थाना मलपुरा में तहरीर दी थी कि 19 फरवरी की रात उनकी दुकान में चोरी हुई थी। इसके बाद 23 फरवरी से उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। धमकी देने वाले खुद को बड़े गिरोह का सदस्य बताकर 12.5 करोड़ रुपये की कथित रकम का 20 प्रतिशत हिस्सा देने की मांग कर रहे थे। परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी भी दी गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच के आधार पर 3 मार्च को पुलिस ने जखौदा पुल के नीचे से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मोबाइल फोन की जांच में धमकी भरे ऑडियो, वीडियो, फर्जी संदेश और वर्चुअल नंबर बनाने के साक्ष्य मिले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग वीपीएन और अन्य मोबाइल ऐप के जरिए फर्जी नंबर बनाकर कॉल करते थे, ताकि उनकी असली पहचान और लोकेशन छिपी रहे। धमकी देने के लिए पहले स्क्रिप्ट तैयार की जाती थी, फिर रिहर्सल के बाद कॉल की जाती थी। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और उसी दबाव में आकर इस तरह की वसूली की योजना बनाई।गिरफ्तार आरोपियों में गौरव शर्मा, हृदयेश, धीरज सिंह और लतीफ उर्फ रहमान शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।होली के अवसर पर जहां लोग रंग और उत्साह में डूबे हैं, वहीं इस घटना ने व्यापारिक वर्ग में चिंता पैदा कर दी थी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अब व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर माध्यम से धमकी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

