आगरा। कमिश्नरेट आगरा के थाना सिकन्दरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना 4 मई 2026 की है, जब थाना सिकन्दरा पुलिस टीम हीरालाल प्याऊ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल से पनवारी अटूस मार्ग होते हुए मथुरा की ओर गांजा लेकर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के दो युवक मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
सहायक पुलिस आयुक्त, हरीपर्वत की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान एक बोरी में भरा 11.6 किलो गांजा, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 5,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णपाल सिंह पुत्र ओमवीर सिंह और अरुण पुत्र कपूरचन्द्र, निवासी ग्राम नागर, थाना अछनेरा, आगरा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मथुरा हाइवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों से गांजा खरीदते थे और उसे आगरा व मथुरा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। घटना के दिन भी वे गांजा बेचने मथुरा जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी के साथ उ0नि0 नीलेश शर्मा और उ0नि0 आशीष त्यागी की टीम शामिल रही, जिन्होंने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर तस्करों को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सिकन्दरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

