आगरा। कमिश्नरेट आगरा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 08 प्रकरणों में बरामद कुल 272.78 लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देशन में की गई, जिससे अवैध कारोबार पर सख्त संदेश गया है।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली के मालखाने में विभिन्न मामलों से संबंधित अवैध शराब लंबे समय से सुरक्षित रखी गई थी। इसके निस्तारण के लिए पुलिस टीम द्वारा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आगरा की अदालत में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके बाद न्यायालय से शराब को नष्ट करने का आदेश प्राप्त हुआ।
आदेश के अनुपालन में मंगलवार को गठित टीम की मौजूदगी में थाना कोतवाली परिसर में जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर 08 प्रकरणों में बरामद 272.78 लीटर अवैध शराब को नष्ट कराया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली, थाना प्रभारी कोतवाली और मालखाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ऑपरेशन क्लीन” के तहत अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

