आगरा लाइव न्यूज़ | ताजनगरी के युवाओं को कानून की समझ और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से थाना खंदौली पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों को देश में लागू हुए तीन नए कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BEB) की जानकारी दी गई।अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इन नए कानूनों का मुख्य उद्देश्य न्याय प्रणाली को पारदर्शी, आधुनिक और पीड़ित-केंद्रित बनाना है। उन्होंने कहा—“युवाओं को कानूनों की जानकारी होना उतना ही जरूरी है, जितना उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की समझ होना। जब समाज जागरूक होगा, तभी अपराध स्वतः कम होंगे।”
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नए कानूनों और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उत्तर पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक भाषा में दिया। थाना प्रभारी वशिष्ठ ने कहा कि खंदौली पुलिस केवल अपराधियों पर नियंत्रण ही नहीं रखती, बल्कि समाज को शिक्षित, सुरक्षित और जागरूक बनाने के मिशन पर भी कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी साझा करें।
थाना प्रभारी ने बताया कि नए कानूनों में महिलाओं को अधिक सुरक्षा और न्यायिक संरक्षण दिया गया है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल महिला हेल्पलाइन 1090 या आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में “पुलिस आपके साथ” पहल के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान उ0नि0 दीपशिखा, उ0नि0 रोशनी राणा और उ0नि0 गौरव ने छात्राओं से आत्मरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा और कानून के उपयोग से जुड़े विषयों पर संवाद किया। थाना खंदौली पुलिस की यह पहल क्षेत्र में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को भी प्रबल कर रही है। स्थानीय शिक्षकों ने भी इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें समाज में कानून और पुलिस के बीच विश्वास की कड़ी को और मजबूत करती हैं।
📸 आगरा लाइव न्यूज़ — ताजनगरी की हर अहम खबर, सबसे पहले आपके सामने!

