आगरा लाईव (खंदौली)। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सागर एंजेल पब्लिक स्कूल, ग्राम मलीपुरा, मुड़ी चौराहा, खंदौली, आगरा में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि खंदौली ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वज फहराते ही पूरे परिसर में राष्ट्रगान गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में प्रेरणादायक संदेश दिया। विद्यालय संचालक रवि कुमार बघेल ने सभी क्षेत्रवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हर बच्चे के हाथ में लहराता तिरंगा और बच्चों के जोश ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उपस्थितजनों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पप्पू सिंह बघेल, चंद्रपाल सिंह, हरिओम, राहुल बघेल, मानवेंद्र, गोपाल, सुंदरी, रामू, नेता वीरेंद्र, गोलू, योगेंद्र सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अध्यापक रितु, रंजना, वर्षा, चंचल, गोपाल एवं छत्रपाल सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

