आगरा लाईव। फतेहाबाद क्षेत्र में वेलेंटाइन वीक के दौरान प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है। शुक्रवार रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। देर रात युवक के घर आने की भनक युवती के परिजनों को लग गई। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और रात अधिक होने के कारण उसे एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। युवक पूरी रात कमरे में ही बंद रहा। शनिवार सुबह युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों को पूरे मामले की सूचना दी। इसके बाद युवक के परिजन भी युवती के घर पहुंच गए।
मामले की जानकारी फैलते ही गांव में चर्चा शुरू हो गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सुबह गेट खोलकर युवक को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक बातचीत चली। वार्ता के दौरान किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया। आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया, जिसके बाद युवक अपने परिजनों के साथ वापस लौट गया। इस पूरे प्रकरण में न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही किसी तरह की शिकायत दर्ज कराई गई।
फतेहाबाद क्षेत्र में इस तरह के प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी दो अलग-अलग मामलों में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। उन मामलों में युवक और युवती की शादी कराकर ही उन्हें गांव से भेजा गया था। वहीं, कुछ समय पहले एक अन्य घटना में एक युवक अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। परिजनों के आने पर युवक घबराकर घर में रखे संदूक में छिप गया था। बाद में लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने ग्रामीण इलाकों में प्रेम संबंधों को लेकर सामाजिक दबाव और पारिवारिक प्रतिक्रिया को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

