आगरा। शहर के बीचोंबीच स्थित एमजी रोड शनिवार देर रात रणक्षेत्र बन गया, जब दो पक्षों में हुए विवाद ने देखते-देखते मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। यह पूरा घटनाक्रम नाई की मंडी थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुआ, लेकिन पुलिस मौके पर करीब आधा घंटे बाद पहुंची। इस दौरान दोनों पक्षों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनका शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया गया है। घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नाई की मंडी क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद लेनदेन को लेकर दो परिचित पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई और मामला रेस्टोरेंट से निकलकर एमजी रोड तक पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।रात के सन्नाटे में अचानक हुए पथराव से सड़क पर अफरातफरी मच गई। राहगीर और आसपास तैनात मेट्रो कर्मी दहशत में आ गए, कई लोग बाल-बाल बचे। स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए, जो रविवार को दिनभर वायरल होते रहे।
चौंकाने वाली बात यह रही कि थाना नाई की मंडी महज कुछ कदम की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस मौके पर देर से पहुंची। घटना लगभग आधे घंटे तक चलती रही। इसके बाद पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ा और तीन युवकों को हिरासत में लिया। थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और पैसे छीनने के आरोप लगाए हैं। मौके से मारुति एस्टेट निवासी सौरभ शर्मा, सिकंदरा निवासी सूर्य कुमार और उसका साथी रजत पकड़े गए हैं। तीनों का शांतिभंग में चालान किया गया है, जबकि एक आरोपित फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि थाने से कुछ ही दूरी पर इतनी देर तक पथराव होता रहा और पुलिस को पहुंचने में आधा घंटा लग गया। यह पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है और कहा है कि जांच के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।

