आगरा लाईव। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर में प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराने के बाद उपस्थित चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। ध्वजारोहण के पश्चात एमबीबीएस छात्र-छात्राओं की टुकड़ी ने आकर्षक मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी। छात्रों के अनुशासन और तालमेल ने उपस्थित लोगों में जोश भर दिया। इसके बाद प्रधानाचार्य सहित वरिष्ठ चिकित्सकों ने कॉलेज की संस्थापक श्रीमती सरोजिनी नायडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी चिकित्सकों, छात्रों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता, संविधान के मूल्यों तथा निस्वार्थ सेवा भाव की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है और इसमें संस्थान के प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर संस्थान के प्रति उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 26 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी निष्ठा और परिश्रम से ही कॉलेज की पहचान और प्रतिष्ठा सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने सभी से पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. डी. के. हाजरा, डॉ. राहुल, डॉ. मधुसूदन अग्रवाल, डॉ. जी. यू. कुरैशी, डॉ. राजेश्वर दयाल एवं डॉ. पी. के. माहेश्वरी सहित शहर के कई ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। डॉ. राजेश गुप्ता, विभागाध्यक्ष सर्जरी ने चिकित्सा क्षेत्र में नैतिकता और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि एसआईसी डॉ. ब्रजेश शर्मा ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीतू सिंह ने किया। समारोह का समापन एमबीबीएस छात्रों द्वारा गाए गए “वंदे मातरम” के ओजस्वी स्वर और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, रेजिडेंट डॉक्टर्स, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
