28 घंटे में महिला हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, गला रेतकर की गई थी पूनम की हत्या, छत पर शव छोड़कर भागा था हत्यारोपी

0

आगरा लाईव। थाना सदर बाजार क्षेत्र के रोहता गांव में महिला की गला रेतकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र 28 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्या के आरोपी को सीओडी ग्राउंड स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात के बाद शव को मकान की छत पर छोड़ दिया था और मौके से फरार हो गया था। सोमवार सुबह उस समय गांव में सनसनी फैल गई थी, जब एक मकान की सीढ़ियों से खून बहता दिखाई दिया। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब खून पर पड़ी तो उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने छत पर जाकर देखा तो वहां महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सूचना मिलने पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान गांव निवासी 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार पूनम तीन बच्चों की मां थी और अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी। वह जूते की हील बनाने का काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। बताया गया कि रविवार रात करीब नौ बजे पूनम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सुबह तलाश के दौरान बराबर के मकान की सीढ़ियों से खून बहता दिखाई दिया, जिसके बाद घटना का पता चला। पुलिस जांच में सामने आया कि पूनम पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में रहकर नौकरी करता है।घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर बाजार पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

3 फरवरी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सीओडी ग्राउंड स्थित मंदिर के पास से आरोपी राकेश पुत्र कोमल सिंह निवासी ग्राम रोहता, पथवारी मंदिर के पास, थाना सदर बाजार (मूल निवासी ग्राम लुहारी, थाना शमशाबाद) को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here