आगरा लाईव। थाना शाहगंज क्षेत्र की अयोध्या कुंज कॉलोनी में बुधवार रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही बहन के घर में घुसकर उसे तमंचे से गोली मार दी, जिससे महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए एस.एन. मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार अयोध्या कुंज कॉलोनी निवासी श्याम सिंह कुशवाह अपनी 55 वर्षीय पत्नी अनीता कुशवाह के साथ रहते हैं। बुधवार रात करीब उनके साले रवि कुशवाह अपने दो साथियों के साथ घर पर आया। उस समय श्याम सिंह कुशवाह घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। दरवाजे पर दस्तक होने पर अनीता कुशवाह ने दरवाजा खोला, जिसके बाद रवि कुशवाह अपने साथियों के साथ अंदर आ गया।
बताया गया कि रवि कुशवाह अपनी बहन अनीता से बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक उसने तमंचा निकाला और अनीता कुशवाह के सिर में गोली मार दी। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर श्याम सिंह कुशवाह बाहर पहुंचे तो उन्होंने अपनी पत्नी को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा पाया। श्याम सिंह कुशवाह तुरंत अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अपने दोनों साथियों के साथ फरार हो चुका था। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने अनीता कुशवाह को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश का मामला सामने आ रहा है। आरोपी रवि कुशवाह और उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं कि पारिवारिक विवाद इस कदर खूनी रूप ले सकता है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

