डौकी पुलिस, सर्विलांस सेल व एसओजी पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में आठ शातिर बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में माल, हथियार व दो कारें बराम
आगरा लाईव। थाना डौकी क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज के ट्रांसफार्मर से तांबे का तार और तेल चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। थाना डौकी पुलिस टीम, सर्विलांस सेल पूर्वी जोन तथा एसओजी पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में इस संगठित गिरोह के आठ शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 62.4 किलोग्राम तांबे का तार, बड़ी संख्या में औजार, 6500 रुपये नकद, दो कारें तथा दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को वादी राजकुमार ने थाना डौकी पर तहरीर दी थी कि 26 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने जय मां पीताम्बरा कोल्ड स्टोरेज पैतीखेड़ा की बाउंड्री वॉल तोड़कर परिसर में घुसपैठ की और ट्रांसफार्मर से कॉपर का तार तथा तेल चोरी कर लिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा तथा अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा थाना डौकी पुलिस, सर्विलांस सेल व एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं और लगातार दबिशें दी जाने लगीं। इसी क्रम में 6 फरवरी 2026 को थाना डौकी पुलिस टीम बैंकिंग के दौरान बाना क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर चोरी की घटना में शामिल बदमाश लखनऊ एक्सप्रेसवे के वाजिदपुर अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पुलिस टीम ने आठ अभियुक्तों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम कप्तान पुत्र मुकेश, मुकेश पुत्र स्वर्गीय किरोड़ीलाल, धर्मेन्द्र पुत्र रामरतन, अंशु पुत्र ज्ञान सिंह, शिवनारायण पुत्र स्वर्गीय सरवन, रंजीत पुत्र सूबेदार, अनिल पुत्र रामकिशन सिंह तथा सुरेश पुत्र स्वर्गीय रामनिवास बताए। सभी अभियुक्त जिला धौलपुर, राजस्थान के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
तलाशी में अभियुक्तों के कब्जे से 62.4 किलोग्राम तांबे का तार, 7 रिंच, 7 पाने, 1 पेंचकस, 1 प्लास, 1 पाइप रिंच, 1 एडजस्टेबल गुटका, 1 गुटका चाबी, 1 आरी मय ब्लेड, 10 आरी पत्ता, 2 लोहे की रॉड, 1 जॉइंट प्लायर, 6500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो कारें — बोलेरो (RJ11UA4667) और रेनॉल्ट क्विड (RJ11CA31081) बरामद की गईं। इसके अलावा अभियुक्त मुकेश के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा अभियुक्त सुरेश के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह पूरी योजना के साथ वारदात करता था। कप्तान पहले स्थान की रेकी करता था, अनिल और धर्मेन्द्र बिजली की लाइन काटते थे, जबकि बोलेरो कार मुकेश और क्विड कार अंशु चलाता था। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 25 जनवरी की रात उन्होंने अपने साथी अशोक के साथ मिलकर माँ पीताम्बरा कोल्ड स्टोरेज से करीब 150 किलो तांबे का तार और लगभग 50 लीटर तेल चोरी किया था। चोरी का माल फुटकर में बेचकर लगभग 80 हजार रुपये प्राप्त हुए, जिन्हें आपस में बांट लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य अशोक पुत्र रघुवीर सिंह निवासी ग्राम विलधमा, थाना सदर, जिला धौलपुर (राजस्थान) अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम का विवरण इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा के नेतृत्व में थाना डौकी पुलिस टीम, निरीक्षक सचिन तोमर (प्रभारी सर्विलांस सेल, पूर्वी जोन), तथा एसओजी पूर्वी जोन की टीम शामिल रही। आगे भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

