नाबालिग युवती के अपहरण का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार अपहृता पहले ही सकुशल बरामद

0
Oplus_131072

आगरा लाईव। थाना डौकी क्षेत्र में नाबालिग युवती के अपहरण की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की तत्परता से जहां अपहृत युवती को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया गया था, वहीं अब मामले में नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 3 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति द्वारा थाना डौकी पर तहरीर दी गई कि 2 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे उसकी नाबालिग पुत्री को अनिल पुत्र भगवान सिंह निवासी धिमश्री, थाना शमशाबाद, बहला-फुसलाकर भगा ले गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा तथा अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा थाना डौकी पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आरोपी की गिरफ्तारी और अपहृता की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिशें दी गईं।पुलिस टीम की सक्रियता का परिणाम रहा कि दिनांक 3 फरवरी 2026 को ही अपहृत नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। 6 फरवरी 2026 को थाना डौकी पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाजिदपुर चौराहे से अभियुक्त अनिल पुत्र भगवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त धिमश्री, थाना शमशाबाद का निवासी बताया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा द्वारा किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here