आगरा लाईव। ताजनगरी आगरा में एक बार फिर सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। थाना खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे नाले में कंबल में लिपटा हुआ एक अज्ञात विवाहिता का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव को काले टेप से पैक किया गया था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुछ ग्रामीण एक्सप्रेसवे के किनारे बकरियां चराने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नाले में पड़े एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखा तो कंबल में लिपटा हुआ शव दिखाई दिया, जिस पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया गया।
शव कंबल में लिपटा हुआ था और काले टेप से पूरी तरह पैक था। जब पुलिस ने कंबल खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है और वह विवाहिता प्रतीत हो रही है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, एसीपी एत्मादपुर, एसओजी टीम तथा फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस तरह शव को कंबल में लपेटकर टेप से पैक किया गया है, उससे स्पष्ट होता है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और बाद में शव को वाहन से लाकर यहां फेंका गया है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।इस संबंध में एसीपी एत्मादपुर ने बताया कि अज्ञात महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

