आगरा लाईव। थाना कमलानगर पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया अभियुक्त पीड़ित का ही चालक कर्मचारी निकला, जिसने मालिक के गोदाम से ट्रैक्टर मय ट्रॉली चोरी कर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर मय ट्रॉली, एक मोबाइल फोन तथा 690 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को थाना कमलानगर पर वादी द्वारा सूचना दी गई थी कि 3 फरवरी 2026 को उनके यहां चालक का कार्य करने वाला शर्मिंदा नामक व्यक्ति उनके लाल रंग के ट्रैक्टर मय ट्रॉली को गोदाम से चोरी कर ले गया है।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को थाना कमलानगर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग व गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अभियुक्त शर्मिंदा को जलेसर रोड स्थित रमन बिहारी कोल्ड स्टोरेज से करीब 200 मीटर आगे कच्ची सड़क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर मय ट्रॉली बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 3 फरवरी 2026 को अपने मालिक के गोदाम से ट्रैक्टर मय ट्रॉली चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शर्मिंदा पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी टीसी चंद्र के पास, थाना कमलानगर, आगरा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

