दिल्ली में हत्या, शव आगरा में फेंका: यमुना एक्सप्रेस-वे पर मिली युवती की पहचान, एमपी मूल की थी सोनाली

0

आगरा लाईव। आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को मिले कंबल में काले टेप से पैक युवती के शव की गुत्थी काफी हद तक सुलझ गई है। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त दिल्ली में रह रही सोनाली के रूप में की है, जिसका मूल निवास मध्य प्रदेश बताया जा रहा है। करीब 25 वर्षीय सोनाली की हत्या दिल्ली में किए जाने और उसके बाद शव को कार से लाकर आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे नाली में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शुक्रवार को खंदौली टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे दिल्ली रोड की तरफ नाले में कंबल में लिपटा शव मिलने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को नाली से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन मृतका की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हो सका।

पुलिस के अनुसार मृतका मेहंदी रंग का सलवार सूट पहने थी। पैरों में बिछुए, आंखों में काजल, होठों पर लिपस्टिक और हाथ में अंगूठी थी, जिससे स्पष्ट है कि वह सामान्य स्थिति में थी और उसे किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था। शव की जांच में गले पर दबाने के निशान मिले हैं, जबकि गाल के नीचे चोट का निशान भी पाया गया है। इससे आशंका है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई और बचाव के प्रयास में उसे चोट लगी। हथेली के पास, हाथ और कंधे पर ‘आर-एस’ लिखा हुआ मिला है, वहीं एक जगह ‘सनी’ नाम भी लिखा पाया गया है, जिसके आधार पर पुलिस एक संदिग्ध सनी की तलाश कर रही है।

डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि हत्या घटनास्थल पर नहीं की गई। शव को किसी वाहन से यहां लाकर फेंका गया। जिस स्थान पर शव मिला, वह खंदौली टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले है और आगे दो किलोमीटर पर मथुरा की सीमा शुरू हो जाती है। पुलिस दो संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। यदि आरोपी आगरा की तरफ से आया होगा तो टोल पार कर शव फेंककर भागा होगा, जबकि दिल्ली की तरफ से आने की स्थिति में वह टोल से करीब 200 मीटर पहले बने कट से गाड़ी मोड़कर शव फेंक सकता है। इसी आधार पर यमुना एक्सप्रेस-वे के सभी टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए आगरा पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं। खास बात यह है कि इस मामले में पहली बार आगरा पुलिस ने एआई तकनीक का प्रयोग किया। एआई के जरिए युवती का संभावित चेहरा तैयार कर उसे आगरा समेत आसपास के जिलों, दिल्ली और एनसीआर में सर्कुलेट किया गया। एआई सर्च के दौरान चेहरा दिल्ली में रहने वाली सोनाली से काफी हद तक मैच हुआ। इसके बाद पुलिस ने सोनाली के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उसके सोशल मीडिया अकाउंट भी पिछले 24 घंटे से निष्क्रिय मिले, जिससे संदेह और गहरा गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनाली मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और फिलहाल दिल्ली में रह रही थी। एक टीम दिल्ली भेजी गई है, जबकि सर्विलांस टीम सोनाली के पते और संपर्कों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि युवती को किसी बहाने बुलाया गया और उसे धोखे में रखकर अचानक गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्यारे ज्यादा दूर नहीं हैं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और एआई से मिले इनपुट के आधार पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here