नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, खंदौली थाने में तहरीर

0

खंदौली। थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और बेटी की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने खंदौली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। पीड़ित महिला के अनुसार, 4 मई 2026 को दोपहर करीब एक बजे उसकी नाबालिग बेटी को सोहिल उर्फ मंगल पुत्र साबिर उर्फ ठाकुर निवासी व्यापारी मोहल्ला, खंदौली अपने साथी रौसिल पुत्र अमरुद्दीन उर्फ बुलट निवासी पुराना बाजार सराय, खंदौली की मदद से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।

परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। बेटी के अचानक गायब होने से परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर गौरव सिंह का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here