आगरा लाईव न्यूज। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 24 मार्च 2025 को आगरा पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा तथा अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में और पुलिस उपायुक्त यातायात के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन (हैंड हेल्ड डिवाइस) के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। इस लापरवाही को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण मानते हुए यातायात पुलिस ने उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
90 वाहन चालकों पर कार्रवाई, यातायात नियमों के प्रति चेतावनी
अभियान के तहत 90 चालान किए गए, जिनमें अधिकतर चालान उन चालकों के थे जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे थे। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित करती है।
यातायात पुलिस की अपील: सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें
यातायात पुलिस ने आगरा के नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, क्योंकि यह न सिर्फ खुद की, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें, हादसों से बचें !”